Fri 10-03-2023 07:51 AM
दुबई, 7 मार्च, 2023 (डब्ल्यूएएम) -- दुबई के क्राउन प्रिंस और दुबई की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष हिज हाइनेस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने आज दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में वर्ल्ड पुलिस समिट 2023 के उद्घाटन में भाग लिया। यूएई के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम के दूसरे संस्करण में पुलिस और सुरक्षा के भविष्य पर चर्चा करने के लिए कानून प्रवर्तन अधिकारियों, सुरक्षा विशेषज्ञों और निर्णयकर्ताओं को साथ लाया गया है।
दुबई पुलिस द्वारा आयोजित वैश्विक पुलिसिंग, सुरक्षा और कानून प्रवर्तन कैलेंडर, वर्ल्ड पुलिस समिट में एक प्रमुख कार्यक्रम में छह सम्मेलन और दुनिया भर से 50 कानून प्रवर्तन एजेंसियों की भागीदारी शामिल है।
शेख हमदान बिन मोहम्मद ने कहा कि यूएई की उच्च स्तर की सुरक्षा हासिल करने की क्षमता नेतृत्व की दृष्टि और देश की सुरक्षा प्रणाली को मजबूत करने और पूरे समुदाय के लिए सुरक्षा सुनिश्चित करने की उनकी उत्सुकता के कारण संभव हुई है।
शेख हमदान ने कानून के शासन को लागू करने, अपराध के सभी रूपों का मुकाबला करने और क्षेत्र में ज्ञान व विशेषज्ञता के आदान-प्रदान को सुविधाजनक बनाने में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के महत्व पर बल दिया। उन्होंने सुरक्षा बनाए रखने और अपराध से निपटने के प्रयासों और वर्ल्ड पुलिस समिट की मेजबानी द्वारा प्रदर्शित दुनिया भर की पुलिस एजेंसियों के साथ काम करने की उनकी निरंतर उत्सुकता के लिए यूएई सुरक्षा बलों की भी प्रशंसा की।
उद्घाटन समारोह के दौरान, हिज हाइनेस ने एक डॉक्यूमेंट्री देखी, जिसमें शहर की सुरक्षा बढ़ाने में दुबई पुलिस की भूमिका और अपराध से निपटने के लिए नई तकनीकों को अपनाने की उसकी उत्सुकता को दिखाया गया था।
अपनी यात्रा के दौरान, हिज हाइनेस ने शिखर सम्मेलन के दौरान आयोजित की जा रही प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्हें प्रदर्शित उत्पादों और सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई, जिसमें साइबर अपराध की रोकथाम, सुरक्षा पूर्वानुमान, डिजिटल मुद्रा, निगरानी व बीमा, स्मार्ट सिटी और ड्रोन के क्षेत्र में उपयोग की जाने वाली नई तकनीक शामिल हैं।
शेख हमदान ने इसके बाद विशेषज्ञ हब मंच का दौरा किया, जिसका आयोजन दुबई पुलिस वैज्ञानिक परिषद द्वारा वर्ल्ड पुलिस समिट के मौके पर किया जा रहा है। मंच सुरक्षा के क्षेत्र में विशेषज्ञों को जोड़ने और क्षेत्र में प्रवृत्तियों और चुनौतियों पर चर्चा करना चाहता है। हिज हाइनेस को इस आयोजन में भाग लेने वाली अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों द्वारा प्रदर्शित की जा रही नई तकनीकों के बारे में भी जानकारी दी गई।
शिखर सम्मेलन के पहले दिन दुबई पुलिस के कमांडर-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल अब्दुल्ला खलीफा अल मैरिज ने एक उद्घाटन भाषण दिया, जिसके दौरान उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला।
लेफ्टिनेंट जनरल अल मैरिज ने दुबई पुलिस और अंतरराष्ट्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा किए गए सबसे प्रमुख संयुक्त अभियानों पर प्रकाश डाला, जिसके कारण 103 भगोड़ों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 2022 में 'डेजर्ट लाइट' ऑपरेशन, 2021 में 'द घोस्ट' ऑपरेशन, 2020 में 'मिलस्ट्रीम' और 2020 में 'लॉस ब्लैंकोस' शामिल हैं।
वर्ल्ड पुलिस समिट के पहले दिन इंटरपोल के महासचिव जुरगेन स्टॉक ने भी एक भाषण दिया, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के महत्व पर भी चर्चा की।
उन्होंने कहा, "यूएई एक सुरक्षित दुनिया के लिए एक वैश्विक मंच की शक्ति में विश्वास करता है। सुरक्षित दुनिया के लिए इंटरपोल फाउंडेशन के माध्यम से उनके उदार सहयोग के परिणामस्वरूप हम अपने सभी 195 सदस्य देशों के लाभ के लिए लक्षित अपराध कार्यक्रम बनाने में सक्षम हुए। इस साझेदारी के परिणामस्वरूप लगभग 9,000 गिरफ्तारियां हुईं, 1.6 बिलियन यूरो से अधिक की बरामदगी हुई और दुनिया भर में 420 से अधिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम वितरित किए गए।"
शिखर सम्मेलन के दौरान, न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के आयुक्त कीचंत सेवेल ने आधुनिक पुलिसिंग वातावरण में विश्वास निर्माण विषय पर बात की।
वर्ल्ड पुलिस समिट 2023 में 250 से अधिक स्थानीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शकों की भागीदारी है। इस आयोजन में 112 से अधिक देशों के 100 पुलिस प्रमुख और 15,000 सुरक्षा और कानून प्रवर्तन पेशेवर हिस्सा ले रहे हैं।
तीन दिवसीय शिखर सम्मेलन का उद्देश्य उन समुदायों में सार्वजनिक सुरक्षा को बढ़ाने के लिए भविष्य के लिए तैयार रणनीतियों के विकास की सुविधा प्रदान करना है, जिसमें वे सीमा पार अपराधों को विफल करने के लिए भागीदारी को बढ़ावा देते हैं। यह आयोजन दुनिया भर के प्रतिनिधियों को अग्रिम पंक्ति से सर्वोत्तम अभ्यास सीखने और अगली पीढ़ी के पुलिसिंग को आकार देने वाले क्षेत्र के नेताओं से मिलने का मौका प्रदान करेगा।
शिखर सम्मेलन के उद्घाटन में दुबई में राज्य सुरक्षा विभाग के महानिदेशक मेजर जनरल तलाल हुमैद बेलहौल अल फलासी; आंतरिक मंत्रालय के महानिरीक्षक और इंटरपोल के अध्यक्ष मेजर जनरल डॉ. अहमद नासिर अल रायसी और और अन्य गणमान्य व्यक्ति ने भाग लिया था।
अनुवाद - पी मिश्र.
https://www.wam.ae/en/details/1395303136427